कोरबा। टीपी नगर और शारदा विहार रेलवे फाटक के पास की सड़कें अत्यंत जर्जर हो चुकी हैं, जिससे स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह गड्ढों और शारदा विहार फाटक पर चढ़ाव के कारण वाहन चलाना मुश्किल हो गया है।
बारिश के मौसम में यह समस्या और गंभीर होने की आशंका है। दोपहिया वाहनों के गड्ढों में फंसने से चालक अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, और वाहनों पर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त हो रहा है।
रोजाना इन फाटकों से रेत लोड ट्रैक्टरों का आवागमन होता है, जिससे गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। फाटक बंद होने पर पीएच रोड पर जाम की स्थिति बन जाती है। स्थानीय लोगों ने लंबे समय से फाटकों पर छाया के लिए शेड लगाने की मांग की है, ताकि गर्मी और बारिश में राहगीरों को राहत मिले, लेकिन न रेलवे प्रबंधन और न ही सार्वजनिक कंपनियां इस दिशा में गंभीरता दिखा रही हैं।
मालगाड़ी रुकने से बढ़ी परेशानी
शनिवार को टीपी नगर रेलवे फाटक पर दोपहर करीब डेढ़ बजे कोयला लोड मालगाड़ी अचानक रुक गई, जिससे फाटक पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। काफी देर तक मालगाड़ी के न हटने से वाहन चालकों को बुधवारी बायपास और शारदा विहार फाटक के रास्ते जाना पड़ा।
इस कारण 100 मीटर की दूरी तय करने के लिए डेढ़ से दो किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ा, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हुई। पैदल राहगीरों को भी लंबा इंतजार करना पड़ा। कुछ लोगों ने जान जोखिम में डालकर मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर आवागमन किया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि टीपी नगर और शारदा विहार फाटक के पास की जर्जर सड़कों और बार-बार मालगाड़ी रुकने की समस्या का स्थायी समाधान जरूरी है। रेलवे और संबंधित विभागों से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















