बकरीद पर मस्जिदों में की गई नमाज, जुटे मुस्लिमजन

कोरबा। मुस्लिम पंथ को मानने वाले सामाजिकजनों ने बकरीद पर परंपरा के तहत मस्जिदों में नमाज पढ़ी। कई जगह कुर्बानी दी गई। बताया गया कि नमाज के दौरान देश में शांति, सद्भाव और लोगों से आपसी रिश्ते बेहतर बनाने की दुआ की गई।

कोरबा सहित उपनगरीय क्षेत्र बालकोनगर, कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा, पाली, नोनबिर्रा और रामपुर क्षेत्र में निवासरत मुस्लिमजनों ने मान्यताओं के तहत बकरीद मनाई।

मरकजी ईदगाह, जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद, मस्जिद गरीब नवाज समेत शहर की सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाजियों की भीड़ उमड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। मुस्लिम समुदाय ने देश की तरक्की, शांति और भाईचारे के लिए विशेष दुआ मांगी।

इस अवसर पर हजरत इब्राहिम और हजरत इस्माइल की याद में कुर्बानी की रस्म अदा की गई। धार्मिक गुरुओं ने बताया कि कुर्बानी का यह त्योहार त्याग और बलिदान की भावना का प्रतीक है। नमाज के बाद लोग कब्रिस्तान भी गए, जहां उन्होंने अपने दिवंगत परिजनों के लिए फातिहा पढ़ी और दुआ मांगी।

त्योहार पर गरीबों और जरूरतमंदों की मदद का विशेष ध्यान रखा गया। पुलिस ने सुरक्षा कारणों से कई जगह पर्याप्त बल लगाया था ताकि शांति बनी रही। नगरीय निकायों की ओर से मस्जिदों के आसपास सफाई कराई गई और पेयजल की व्यवस्था भी की गई।