चोरनई नदी में महिला की लाश मिलने से सनसनी, बाहरी मछुआरों पर प्रतिबंध का फैसला

कोरब-मोरगा। जिले के सीमांत इलाके मोरगा में चोरनई नदी के डेम में एक महिला की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान ग्राम कांटा, ग्राम पंचायत बड़गांव निवासी बीजों बाई, पति सुमार साय मंझवार के रूप में हुई।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, और फॉरेंसिक टीम को भी सूचित किया गया है। प्रारंभिक जांच में शव पर कोई चोट के निशान नहीं पाए गए, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा।

जानकारी के अनुसार, सुमार साय मंझवार अपनी पत्नी के साथ पिछले दो महीनों से चोरनई नदी के डूबान क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रह रहा था। रविवार को सुमार चावल लेने लेमरू गया, लेकिन रात होने के कारण वह वापस नहीं लौट सका।

सोमवार दोपहर को झोपड़ी लौटने पर उसने अपनी पत्नी को गायब पाया। खोजबीन के दौरान बीजों बाई का शव नदी में तैरता मिला। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतका कभी-कभी शराब का सेवन करती थी।

मोरगा चौकी प्रभारी मंगतु राम मरकाम ने बताया कि घटनास्थल तक पहुंचने के लिए पुलिस और फॉरेंसिक टीम को पांच किलोमीटर पैदल चलना पड़ा और नदी पार करने के लिए नाव का सहारा लेना पड़ा।

बाहरी मछुआरों पर प्रतिबंध

ग्राम पंचायत अरसियां के सरपंच ने इस घटना के बाद सख्त कदम उठाते हुए चोरनई नदी के डेम में बाहरी मछुआरों के मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है।

यह प्रतिबंध सामरभुंजा से गवरपहर तक लागू होगा। सरपंच ने बताया कि पूर्व में भी डेम में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया।

इसकी सूचना संबंधित चौकी और थाने में दर्ज की जाएगी। सरपंच ने ग्रामवासियों और जनप्रतिनिधियों से इस फैसले में सहयोग की अपील की है।

पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।