5 वर्षीय मासूम के साथ 14 वर्षीय नाबालिक ने किया दुष्कर्म, पुलिस ने हिरासत में लिया

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के एक गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 14 वर्षीय किशोर ने 5 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ खेल-खेल में दो बार दुष्कर्म किया। घटना मंगलवार को उस समय हुई, जब मासूम के माता-पिता एक छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दूसरे गांव गए थे और बच्ची को अपने चाचा के घर छोड़ गए थे।

जानकारी के अनुसार, बच्ची की चाची भी कुछ देर बाद काम से बाहर चली गईं, जिसके कारण मासूम घर में अकेली रह गई। इस दौरान गांव का ही 14 वर्षीय किशोर, जो अक्सर बच्ची के चाचा के घर आया-जाया करता था, वहां पहुंचा। दोनों बच्चे घर में खेल रहे थे, तभी किशोर ने मासूम के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता किशोर को चाचा कहकर बुलाती थी।

परिजनों के घर लौटने पर बच्ची ने रोते हुए अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया, जिससे परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना कटघोरा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत किशोर को उसके घर से हिरासत में लिया।

बुधवार को किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई।

इस घटना ने गांव में आक्रोश पैदा कर दिया है। परिजन और स्थानीय लोग इस जघन्य कृत्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।