नेहरू सभागार के नाम पर विवाद, नेता प्रतिपक्ष ने दी विरोध की चेतावनी

कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने पंडित जवाहर लाल नेहरू सभागार के नाम में किसी भी बदलाव के खिलाफ कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में तत्कालीन राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा राजस्व मद से 5 करोड़ रुपये की राशि से इस सभागार का निर्माण कराया गया था, जिसका लोकार्पण भी हो चुका है।

हाल ही में कोरबा कलेक्टर ने सभागार की आंतरिक सजावट के लिए डीएमएफ मद से 2 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की है। इस कार्य का शुभारंभ श्रम एवं उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने किया। इस दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि सभागार के आंतरिक कक्ष का नाम पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जाए।

नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने इस सुझाव पर आपत्ति जताते हुए कहा कि सभागार का नाम पहले ही पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू के नाम पर रखा जा चुका है। यदि नाम में किसी भी तरह की छेड़छाड़ की गई या यह मुद्दा निगम की सामान्य सभा में लाया गया, तो इसका पुरजोर विरोध किया जाएगा।