कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर स्थित अडानी पावर प्लांट में चोरी के इरादे से दीवार फांद रहे 15 वर्षीय चिंतामणि बिंझवार की करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना उरगा थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि चिंतामणि अपने दोस्तों के साथ पावर प्लांट के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था। दीवार पर चढ़ते समय वह 11 केवी के तार की चपेट में आ गया और लगभग 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौजूद दोस्तों ने तुरंत गांव में इसकी सूचना दी, जिसके बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
उरगा थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा और परिजनों के बयान दर्ज किए।
परिजनों ने बताया कि चिंतामणि ने पांचवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और अक्सर गांव में दोस्तों के साथ घूमता रहता था। सोमवार सुबह वह खेलने के लिए घर से निकला था, लेकिन कैसे और किन परिस्थितियों में वह पावर प्लांट पहुंचा, यह उनके लिए समझ से परे है।
पुलिस के अनुसार, अडानी पावर प्लांट के पीछे का हिस्सा गांव से सटा होने के कारण पहले भी चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
इस हादसे से गांव में सन्नाटा फैल गया है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उरगा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की बात कही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
