सनसनीखेज वारदात: पूर्व प्रेमी ने पति-पत्नी पर किया चाकू से हमला, पुलिस ने शुरू की तलाश

रायगढ़ जिला मुख्यालय में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शख्स ने पति-पत्नी का रास्ता रोककर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में पति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोतरा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के गेजामुड़ा निवासी छलिया चौहान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि 8 मई को वह अपनी पत्नी को लेने ससुराल ढिमरापुर गया था। 11 मई को वह अपनी पत्नी के साथ मोटरसाइकिल से संजीवनी अस्पताल जा रहा था।

शाम करीब 6 बजे जब वे शहर के सुभाष चौक के पास गुरुद्वारे के नजदीक पहुंचे, तभी पत्नी के पूर्व प्रेमी शिव यादव स्कूटी लेकर आया और उनकी मोटरसाइकिल के सामने स्कूटी रोककर रास्ता अवरुद्ध कर दिया।

आरोपी शिव यादव ने महिला से कहा, “कहां घूम रही हो, मुझे बिना बताए शादी कर ली,” और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसने जेब से चाकू निकाला और महिला पर हमला करने की कोशिश की।

जब छलिया चौहान ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने चाकू से उनके गले और सिर पर वार कर दिया, जिससे वह लहुलूहान हो गए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घायल अवस्था में छलिया चौहान ने सिटी कोतवाली थाना पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी शिव यादव की तलाश शुरू कर दी है।

इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है, और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।