बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे कमर्शियल इंस्पेक्टर और राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल खिलाड़ी विनीता साहनी की आत्महत्या मामले में पुलिस ने उनके पति ओब्रे हेल को गिरफ्तार किया है।
जांच में खुलासा हुआ कि पति का एक अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसके चलते वह विनीता के साथ मारपीट करता था। तोरवा पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
विनीता साहनी, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर की रहने वाली थीं, बिलासपुर रेलवे मंडल में कमर्शियल इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थीं। स्पोर्ट्स कोटा के तहत उन्हें रेलवे में नौकरी मिली थी। उन्होंने 2014 में सिलपहरी, सिरगिट्टी निवासी ओब्रे हेल से प्रेम विवाह किया था।
6 अप्रैल 2024 को विनीता ने एनई कॉलोनी स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उस समय उनकी 8 साल की बेटी घर के दूसरे कमरे में थी, जबकि पति घर पर मौजूद नहीं था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। शुरुआत में ओब्रे हेल ने विनीता की आत्महत्या का कारण रेलवे अधिकारियों की प्रताड़ना, ट्रांसफर और छुट्टी न मिलने को बताया।
हालांकि, विनीता के माता-पिता और बहन ने ओब्रे पर मारपीट, प्रताड़ना और अवैध संबंध का आरोप लगाया। जांच में पुष्टि हुई कि ओब्रे की मारपीट के कारण विनीता के कंधे और कोहनी में चोटें आई थीं।
पुलिस जांच में सामने आया कि ओब्रे बेरोजगार और अय्याश प्रवृत्ति का था। विनीता ने उसे बिजनेस शुरू करने के लिए पैसा दिया था, लेकिन उसने पैसे को अपनी अय्याशी में उड़ा दिया, जिससे बिजनेस में नुकसान हुआ।
बाद में विनीता ने उसके लिए जिम खुलवाया, लेकिन ओब्रे ने उसका भी ध्यान नहीं रखा। जांच में यह भी पता चला कि उसका एक अन्य महिला से अवैध संबंध था।
पूछताछ के दौरान ओब्रे ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677