राष्ट्र सेविका समिति के अभ्यास वर्ग में शामिल होंगी जिले की बालिकाएं

कोरबा। कोरबा जिले की 12 बालिकाओं का समूह राष्ट्र सेविका समिति के अभ्यास वर्ग में भाग लेने हेतु भिलाई के लिए रवाना हुआ।

नगर कार्यवाहिका निक्की उपाध्याय तथा विभाग कार्यवाहिका सरस्वती गबेल इनका नेतृत्व कर रही है।

ग्रीष्मकालीन सत्र के अंतर्गत आयोजित इस अभ्यास वर्ग में सहभागी बालिकाओं को राष्ट्र सेविका समिति की विभिन्न गतिविधियों, वैचारिक प्रशिक्षण, शारीरिक प्रशिक्षण एवं व्यक्तित्व विकास से संबंधित विधिवत मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।

यह वर्ग समिति की परंपरागत एवं राष्ट्रीय भावना से प्रेरित गतिविधियों की जानकारी के साथ ही सेवा, समर्पण और संगठनात्मक दक्षता के मूल्यों का भी प्रशिक्षण देगा। यह अभ्यास वर्ग राष्ट्र निर्माण में महिला योगदान की सशक्त अभिव्यक्ति का माध्यम बनेगा और सहभागी बालिकाओं को नेतृत्व क्षमता के साथ-साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित करेगा।

कोरबा शहरी क्षेत्र से इस बार पहली बार इतनी बड़ी संख्या में बालिकाएं इस अभ्यास वर्ग में सम्मिलित हो रही हैं, जो क्षेत्र के लिए एक उत्साहजनक संकेत है।

उनकी भिलाई रवानगी के अवसर पर कोरबा रेलवे स्टेशन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के  अमरजीत सिंह, नागेंद्र सिंह, अभिषेक तिवारी, सुखीराम यादव, अनूप मंडल तथा राष्ट्र सेविका समिति की प्रतिनिधियों ने उपस्थित होकर उन्हें शुभकामनाएँ दीं।