कोरबा। वनमंडल कटघोरा के पसान रेंज में खतरनाक लोनर हाथी का आतंक बढ़ता जा रहा है। बीजाडांड से आगे बढ़कर यह हाथी अब सेमरहा के जंगल में पहुंच गया है। आज सुबह ग्रामीणों ने इसे विचरण करते देखा और तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और लोनर हाथी की निगरानी शुरू कर दी। अधिकारियों ने सेमरहा और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क किया है और जंगल में न जाने की सलाह दी है।
इधर, कोरबा वनमंडल के लेमरू और बालको रेंज में 29 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। इनमें 13 हाथी बालको रेंज के फुटका पहाड़ जंगल में, 4 हाथी लेमरू रेंज के नकिया में, और 14 हाथी कुदमुरा व लेमरू रेंज की सीमा पर मौजूद हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन शुरू होने के साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल में जा रहे हैं, जिससे हाथियों के हमले का खतरा बढ़ गया है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और हाथियों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। विभाग ने निगरानी बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त कदम उठाने की बात कही है। फिर भी तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान जंगल में ग्रामीणों की आवाजाही ने स्थिति को और जोखिम भरा बना दिया है। स्थानीय लोग वन विभाग से हाथियों को नियंत्रित करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

