कोरबा। वनमंडल कोरबा में तेंदूपत्ता संग्रहण सीजन 2025-26 की शुरुआत के साथ ही जंगली जानवरों का खतरा भी सामने आने लगा है। कुदमुरा रेंज में तेंदूपत्ता तोड़ने गए एक ग्रामीण पर भालू ने हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जख्मी ग्रामीण को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदमुरा में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना के अनुसार, कुदमुरा निवासी जगदेव राठिया पिता दीनबंधु राठिया अन्य ग्रामीणों के साथ सुबह तेंदूपत्ता संग्रहण के लिए गांव के जंगल में गया था। तेंदूपत्ता तोड़ते समय पेड़ के नीचे छिपे भालुओं से उसका सामना हो गया। एक भालू ने अचानक हमला कर जगदेव के पैर को नोंच डाला, जिससे वह लहूलुहान हो गया। घायल ग्रामीण की चीख-पुकार सुनकर अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हमलावर भालू को भगाने के बाद एंबुलेंस से उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदमुरा पहुंचाया।
सूचना मिलने पर वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल ग्रामीण का हालचाल जाना और तत्कालिक सहायता के रूप में 500 रुपये उपलब्ध कराए। वन विभाग ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि घायल का बेहतर उपचार कराया जाए, जिसमें होने वाला खर्च विभाग वहन करेगा।
तेंदूपत्ता संग्रहण के दौरान जंगली जानवरों के हमले की यह घटना ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
स्थानीय लोग वन विभाग से जंगल में सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

