मानदेय वृद्धि और संविलियन की मांग पर रैली निकाल सौंपा ज्ञापन
कोरबा। प्रदेश स्वास्थ्य मितानिन संघ के आह्वान पर गुरुवार को कोरबा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में मितानिन, मितानिन प्रशिक्षक, हेल्थ डेस्क फैसिलिटेटर और ब्लॉक कोऑर्डिनेटरों ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया।
अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत मितानिन कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र निर्णय की मांग की।
जिला मुख्यालय में आयोजित प्रदर्शन में जिले के विभिन्न विकासखंडों से बड़ी संख्या में मितानिन कार्यकर्ता शामिल हुईं। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर उन्होंने घंटाघर से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली तथा अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव के दौरान मितानिन कर्मियों के मानदेय में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संविलियन का वादा किया गया था, लेकिन अब तक इन घोषणाओं पर अमल नहीं हुआ है। इससे प्रदेशभर की मितानिनों में नाराजगी व्याप्त है।
कोरोना काल से निभा रही हैं अहम जिम्मेदारी
धरना-प्रदर्शन के दौरान मितानिनों ने कहा कि वे कोरोना महामारी से लेकर आज तक फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर के रूप में गांव-गांव स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का कार्य कर रही हैं। टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और जनस्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रमों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, इसके बावजूद उन्हें मिलने वाला मानदेय बेहद कम है।
मितानिन कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच वर्तमान मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। उन्होंने शासन से चुनावी वादों को जल्द पूरा करते हुए मानदेय वृद्धि और संविलियन संबंधी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।
संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677

