पीएम ग्रामीण सडक़ पर दौड़ रहे ट्रेलर, लोगों की जान पर खतरा

कोरबा। लोगों की सुविधा के लिए ग्रामीण क्षेत्रों को पीएमजीएसवाय से कनेक्ट किया गया है लेकिन अब इस सडक़ पर भारी गाडिय़ां दौड़ रही है। इस पर कोई नियंत्रण नहीं होने से लोगों की जान खतरे में है।


प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना के तहत बनी तरदा से भिलाईबाजार तक की सडक़ पर इन दिनों भारी वाहनों, विशेषकर 10 चक्का ट्रेलरों का अवैध और निर्बाध रूप से आवागमन देखा जा रहा है। यह सडक़ ग्रामीण संपर्क और आवागमन के लिए बनाई गई थी, लेकिन अब यह भारी वाहनों का मुख्य मार्ग बनती जा रही है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सडक़ की क्षमता से अधिक वजन वाले इन ट्रेलर वाहनों के कारण सडक़ पर गड्ढे पडऩे लगे हैं और कई स्थानों पर दरारें भी नजर आने लगी हैं। साथ ही, इन वाहनों की तेज रफ्तार से आम नागरिकों, खासकर स्कूली बच्चों और पैदल चलने वालों को जान का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों ने संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, या फिर इसके लिए वैकल्पिक मार्ग तय किया जाए।