कोरबा। कटघोरा वन मंडल के पसान रेंज और कोरबा वन मंडल में दंतैल हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा। सोमवार रात पसान रेंज में एक दंतैल हाथी ने ग्राम बीजाडांड़ में इंद्रपाल सिंह मरावी के मकान, सुखाबहरा में भंवर सिंह और कन्हैया के घरों को तोड़कर धान खा लिया।
इसके अलावा, बीजाडांड़ में गन्ने की फसल और एक टंकी को भी नष्ट कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा, लेकिन क्षेत्र में दहशत बनी हुई है।
इस दंतैल ने पहले कुम्हारीशानी में एक युवक को कुचलकर मार डाला था, जिससे ग्रामीण और भयभीत हैं।
कोरबा वन मंडल में 53 हाथी अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं। लेमरू रेंज के नकिया में 39 हाथियों ने सात किसानों की धान की फसल बर्बाद कर दी।
कुदमुरा के गीतकुंवारी में धरमजयगढ़ से आया एक दंतैल और बालको के दुधीटांगर में 13 हाथी घूम रहे हैं। मरवाही से आए दंतैल ने पहले एक युवक की जान ली और अब गांवों में लगातार नुकसान पहुंचा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह हाथी अकेले विचरण कर रहा है और कभी भी गांव में घुस सकता है।
हाथियों के हमलों से बचने के लिए ग्रामीण रातभर जागने को मजबूर हैं। बीजाडांड़ और सुखाबहरा में मकान टूटने के दौरान लोग भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन फसलों और संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को जंगल में वापस भेजने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है।
वन विभाग ने हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को जंगल में न जाने की सलाह दी है। पसान और आसपास के गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है। विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के साथ छेड़छाड़ न करने की अपील की है ताकि हिंसक घटनाओं को रोका जा सके। अधिकारियों का कहना है कि नुकसान का आकलन कर मुआवजा प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















