बेहरचुवां में ‘आंगन मिलन सेवा’ से गूंजा पोषण और स्वास्थ्य का संदेश

गोद भराई, अन्नप्राशन, पोषण प्रदर्शनी और स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता में उत्साह से शामिल हुए ग्रामीण

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 28 सितंबर को करतला विकासखंड के ग्राम बेहरचुवां में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। परियोजना अधिकारी श्रीमती रागिनी प्रधान के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती द्रौपती बाई राठिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

कार्यक्रम के दौरान गोद भराई और अन्नप्राशन संस्कार के माध्यम से गर्भवती महिलाओं और बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की जानकारी दी गई, वहीं अभिभावकों को बच्चों के लिए पूरक आहार की उपयोगिता बताई गई।

आयोजन में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, रंगोली, मातृ संवाद, न्योता भोज और पोषण प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं।महिलाओं और बच्चों ने इनमें उत्साहपूर्वक भाग लिया। पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय खाद्य पदार्थों से संतुलित एवं पौष्टिक आहार तैयार करने के तरीके प्रदर्शित किए गए। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और विकास से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने महिलाओं और बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा स्वच्छता, पोषण और बच्चों की देखभाल से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। पर्यवेक्षक कौशिल्या बरेठ ने बच्चों के प्रारंभिक विकास से जुड़ी गतिविधियों का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों के साथ एएनएम, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विभाग की ओर से ग्रामीणों से आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का नियमित लाभ लेने और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।