लाफा में नशामुक्ति की शपथ लेकर ग्रामीणों ने निकाली जागरूकता रैली

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजन, नशे के दुष्प्रभावों से बचाव का दिया संदेश

कोरबा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत पाली के ग्राम लाफा में 28 सितंबर को नशामुक्ति अभियान के तहत शपथ ग्रहण एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग और आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की शपथ ली।

इस अवसर पर ग्रामीणों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को नशे की आदत से होने वाले नुकसान के प्रति सचेत किया गया और युवाओं को विशेष रूप से नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। रैली में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही और लोगों को नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

आयोजकों ने कहा कि नशामुक्ति केवल व्यक्तिगत प्रयास नहीं, बल्कि परिवार और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर स्वस्थ और सुरक्षित सामाजिक वातावरण के निर्माण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।