भीषण सड़क हादसा: ट्रकों की टक्कर से लगी आग, चालक परमेश्वर मांझी की दर्दनाक मौत


कोरबा ।  दर्री थाना क्षेत्र में गेरवाघाट पुल के पास रविवार देर रात करीब 3:00 बजे दो ट्रकों की भीषण टक्कर के बाद आग लगने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में पथलगांव निवासी 30 वर्षीय ट्रक चालक परमेश्वर मांझी की केबिन में फंसने के कारण जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, परमेश्वर मांझी कोरबा के टीपी नगर से रानी अटारी लोडिंग के लिए जा रहा था। स्थानीय निवासी दौलत राम पटेल ने बताया कि एक ट्रक पहले से सड़क पर ब्रेकडाउन के कारण खड़ा था, जिससे टक्कर हुई। टक्कर के बाद दोनों ट्रकों में भीषण आग लग गई।

आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोग इसे बुझा नहीं सके। सूचना मिलते ही दमकल वाहन मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक एक ट्रक जलकर खाक हो चुका था और चालक की मौत हो गई थी।

दर्री थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। ट्रक मालिक ने पुष्टि की कि मृतक चालक परमेश्वर मांझी पथलगांव का निवासी था।

हादसे के बाद सड़क पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई, जिससे आवागमन में परेशानी हुई। यह हादसा सड़क सुरक्षा और रात में भारी वाहनों के संचालन पर सवाल उठाता है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।