बुधवार शाम कोरबा के मेजर ध्यानचंद चौक के पास दर्री बराज पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जीप में अचानक भीषण आग लग गई। घटना शाम करीब 6:15 बजे की है, जब कंपनी की जीप को ट्रायल के लिए चला रहा ड्राइवर प्लांट की ओर लौट रहा था। अचानक बोनट से धुआं उठता देख ड्राइवर ने गाड़ी रोकी और बाहर निकलकर अपनी जान बचाई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोनट से धुआं निकलते ही ड्राइवर ने बोनट खोलने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं खुला। देखते ही देखते आग की लपटें उठीं और पूरी जीप को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई उपाय काम नहीं आया। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब 20 मिनट बाद दमकल ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक जीप पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
घटना के दौरान ब्रिज पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मामले की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर नियमित वाहन जांच और त्वरित आपातकालीन सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















