रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर प्रधान मुख्य वनसंरक्षक (पीसीसीएफ) श्रीनिवास राव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। कंवर ने राव पर कांग्रेस के एजेंट के रूप में कार्य करते हुए कैम्पा योजना में भारी भ्रष्टाचार और 1628 वनरक्षक पदों की भर्ती में अनियमितताओं का आरोप लगाया है।
कंवर ने पत्र में दावा किया कि श्रीनिवास राव ने कैम्पा योजना के तहत केंद्र सरकार के बजट और दिशा-निर्देशों की अवहेलना कर अपने करीबी रिश्तेदारों व चहेतों को सैकड़ों करोड़ के कार्य मनमर्जी से आवंटित किए। इनमें बाजार दर से अधिक कीमत पर स्तरहीन सामग्री की आपूर्ति और निम्न गुणवत्ता वाले निर्माण कार्य शामिल हैं। कंवर ने आरोप लगाया कि कई दूरस्थ स्थानों पर आवंटित कार्यों का सत्यापन करने पर वहां कोई कार्य हुआ ही नहीं पाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, कंवर ने नवंबर-दिसंबर 2024 में हुई 1628 वनरक्षक पदों की भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाया। इस भर्ती के लिए 4.25 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, और शारीरिक परीक्षण बालोद, सरगुजा, महासमुंद जैसे वन मंडलों में 16 नवंबर से 17 दिसंबर 2024 तक आयोजित हुआ। कंवर ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशों के बावजूद, कुछ जिलों में शारीरिक परीक्षण कृत्रिम प्रकाश में नियम-विरुद्ध तरीके से किया गया।
कंवर ने श्रीनिवास राव पर कमीशनखोरी और पद के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए उनके और उनके रिश्तेदारों की चल-अचल संपत्ति की जांच की मांग की है। उन्होंने इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों से हस्तक्षेप और कार्रवाई की अपील की है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















