कटघोरा मिनी स्टेडियम का काम अधर में, ठेकेदार की लापरवाही से खिलाड़ी निराश

कोरबा। कटघोरा कस्बे में मिनी स्टेडियम के विकास का सपना खिलाड़ियों के लिए अधूरा रह गया है। लंबे समय से इस प्रोजेक्ट की मांग उठ रही थी, जिसके लिए मंत्रियों और अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई गई। कुछ समय पहले 48 लाख रुपये के बजट को मंजूरी मिली और काम शुरू हुआ, लेकिन अब ठेकेदार की लापरवाही के कारण प्रोजेक्ट रुक गया है, जिससे खिलाड़ी हताश हैं।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा मिनी स्टेडियम के विकास कार्य के तहत बाउंड्रीवाल सहित कुछ शुरुआती काम किए गए। स्थानीय ठेकेदार पवन अग्रवाल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अधिकारियों की निगरानी में शुरुआती कार्य पूरे होने के बाद ठेकेदार ने सप्लीमेंट्री बिल प्रस्तुत कर पहली किश्त का भुगतान प्राप्त कर लिया। शुरू में तेजी से काम होने से लोगों को उम्मीद थी कि स्टेडियम समय पर तैयार हो जाएगा, लेकिन अब काम पूरी तरह ठप हो गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्टेडियम परिसर में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए पोल तो आ गए हैं, लेकिन इन्हें लगाने का काम शुरू नहीं हुआ। टेंडर की शर्तों के अनुसार कार्पेट घास लगाने और रखरखाव के लिए बोर खनन जैसे कार्य भी बाकी हैं, जिनका कोई अता-पता नहीं है। ठेकेदार की ओर से इस मामले में उदासीनता बरतने का कारण समझ से परे है।

स्थानीय खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि जल्द ही वे एक सुसज्जित स्टेडियम में अभ्यास कर सकेंगे। प्रोजेक्ट की मंजूरी और शुरुआती कार्यों से उत्साहित खिलाड़ी अब रुके हुए काम से निराश हैं। वे मांग कर रहे हैं कि नगर पालिका अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी हस्तक्षेप कर रुके हुए कार्यों को गति प्रदान करें, ताकि स्टेडियम का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।