कोरबा। शहर के स्टेडियम से सीएसईबी चौराहे तक मुख्य मार्ग पर लंबे समय से चली आ रही अतिक्रमण और ट्रैफिक समस्याओं के स्थाई समाधान के लिए नगर पालिका निगम ने रोड डिवाइडर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है। इसके साथ ही, इस क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े कबाड़ वाहनों और अन्य अवरोधकों को हटाने की कार्रवाई भी की गई है।
स्थानीय लोगों की लगातार शिकायत थी कि इस मार्ग के बड़े हिस्से पर अतिक्रमण हो गया है, जहां ब्रेकडाउन वाहनों और लॉजिस्टिक कंपनियों द्वारा अनुपयोगी सामान रखकर सड़क को अवरुद्ध किया जा रहा था। इससे सामान्य आवागमन में दिक्कतें हो रही थीं। पहले भी ट्रैफिक पुलिस और नगर निगम ने कई बार कार्रवाई की, लेकिन समस्या जस की तस बनी रही। अब स्थाई समाधान के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से रोड डिवाइडर निर्माण की योजना बनाई गई है, जिस पर काम शुरू हो चुका है।
निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, ट्रांसपोर्ट नगर जोन कमिश्नर, और ट्रैफिक पुलिस के सहायक उप-निरीक्षक मनोज राठौर सहित अधिकारियों ने कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
बताया गया कि रोड डिवाइडर निर्माण से वाहनों को आने-जाने के लिए अलग-अलग लेन मिलेंगी, जिससे ट्रैफिक सुचारू होगा और अतिक्रमण की समस्या खत्म होगी। नगर निगम और ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में इस मार्ग पर अतिक्रमण या अनधिकृत पार्किंग की शिकायत मिली, तो त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अभियान
इधर, कोरबा शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। पिछले दो दिनों में ट्रांसपोर्ट नगर, राताखार बायपास, और सीएसईबी रोड पर नो पार्किंग जोन में अवैध रूप से खड़े दोपहिया, चारपहिया, और भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
ऐसी गाड़ियों को लॉक करने के साथ-साथ जुर्माना भी लगाया गया। यह अभियान शहर में यातायात को सुगम बनाने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















