कोरबा पुलिस की मुस्तैदी, 2025 में 130 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद

कोरबा। कोरबा पुलिस द्वारा गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश के लिए चलाए जा रहे सतत और संवेदनशील अभियान के तहत 1 जनवरी 2025 से अब तक कुल 130 गुमशुदा व्यक्तियों को सकुशल बरामद किया गया है। इनमें 12 बालक, 29 बालिकाएं, 41 पुरुष और 58 महिलाएं शामिल हैं।

पुलिस ने सभी बरामद व्यक्तियों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस अभियान में जिले के सभी पुलिस थानों ने सक्रिय भूमिका निभाई है। कोरबा पुलिस की इस उपलब्धि को नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक, कोरबा ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति लापता हो जाता है, तो तत्काल निकटतम पुलिस थाने में सूचना दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि कोरबा पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए निरंतर तत्पर है।