कोरबा जिले को मिली दो आधुनिक अग्निशमन वाहनों की सौगात

कोरबा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल पर कोरबा जिले को दो नए आधुनिक अग्निशमन वाहनों की सौगात मिली है। कलेक्टोरेट परिसर में आयोजित एक समारोह में उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कवंर, नगर निगम महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर अजीत वसंत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, पार्षद नरेंद्र देवांगन सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने पूजा-अर्चना कर और हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों का लोकार्पण किया।

मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि कोरबा एक औद्योगिक जिला है, जहां आग लगने की संभावनाएं रहती हैं। ऐसे में आधुनिक अग्निशमन वाहनों की आवश्यकता थी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रयासों से कोरबा सहित छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों को भी अग्निशमन वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में आग लगने की घटनाएं अचानक हो सकती हैं, और इन वाहनों की उपलब्धता से ऐसी दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा।

कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि दुर्घटनाएं अचानक घटती हैं, और आग लगने की घटनाओं में फायर ब्रिगेड की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। नए अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता से बड़ी दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने में आसानी होगी। उन्होंने नागरिकों से आगजनी की घटनाओं को शुरूआती चरण में ही सतर्कता और सूझबूझ से नियंत्रित करने की अपील की, ताकि जान-माल की हानि को रोका जा सके।

होमगार्ड कमांडेंट बी.पी. सिदार ने बताया कि कोरबा जिले को 12 हजार लीटर क्षमता वाला वाटर वाउजर और 5 हजार लीटर क्षमता वाला वाटर टेंडर अग्निशमन वाहन प्रदान किया गया है। इन वाहनों को फायर स्टेशन में रखा जाएगा और प्रशिक्षित होमगार्ड जवान तथा नगर निगम कर्मचारी इनका संचालन करेंगे। नए वाहनों से आगजनी की घटनाओं को नियंत्रित करने में काफी सुविधा होगी।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर मनोज कुमार, एसडीएम सरोज महिलांगे, होमगार्ड के जवान और आम नागरिक उपस्थित थे।