रिश्वतखोर पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, ACB ने 10 हजार रुपये के साथ दबोचा

कोरबा। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम दुल्लापुर में एक किसान से रिश्वत मांगने वाले पटवारी सुल्तान सिंह बंजारे को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी ने किसान से जमीन का ऑनलाइन रिकॉर्ड दर्ज करने के लिए रिश्वत की मांग की थी।

किसान द्वारा रिश्वत देने से इनकार करने पर पटवारी ने जानबूझकर कार्य में देरी शुरू कर दी, जिससे परेशान होकर किसान ने ACB में शिकायत दर्ज की।

शिकायत के आधार पर ACB ने योजना बनाई और किसान को रिश्वत की राशि के साथ पटवारी के पास भेजा। कोरबा कलेक्टर कार्यालय के पास, जहां पटवारी पैसे ले रहा था, सादे कपड़ों में मौजूद ACB की टीम ने उसे रिश्वत की राशि के साथ मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इस कार्रवाई से सरकारी कार्यालयों में रिश्वत मांगने वालों में हड़कंप मच गया है।