राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस पर PRSI संगोष्ठी, बालको के विजय वाजपेई सहित कई दिग्गज होंगे सम्मानित

रायपुर/कोरबा।पब्लिक रिलेशन्स सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) रायपुर चैप्टर द्वारा राष्ट्रीय जनसंपर्क दिवस के अवसर पर आज, 21 अप्रैल को रायपुर के एनआईटी कैंपस, गोल्डन टावर में शाम 6 बजे से एक भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में पत्रकारिता और जनसंपर्क के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को सम्मानित किया जाएगा, साथ ही “आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का सकारात्मक उपयोग और जनसंपर्क की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी आयोजित होगी।

इस कड़ी में वेदांता बालको के जनसंपर्क विभाग में कार्यरत विजय वाजपेई को रामशंकर अग्निहोत्री स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। वाजपेई ने दैनिक जागरण और सहारा समय जैसे प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में पत्रकारिता से अपने करियर की शुरुआत की और 2008 से बालको के जनसंपर्क विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनके पास पत्रकारिता और जनसंपर्क का लंबा अनुभव है, और वे अकादमिक व व्यावसायिक प्रतिबद्धता में पारंगत हैं।

वाजपेई के अलावा वरिष्ठ पत्रकार मुकेश एस. सिंह को डी.पी. चौबे स्मृति जनसंपर्क पुरस्कार, सौरभ शर्मा (जनसंपर्क उपसंचालक) को पं. स्वराज्य प्रसाद त्रिवेदी स्मृति पुरस्कार, नसीम अहमद को बबन प्रसाद मिश्र स्मृति पुरस्कार, एस.के. रूप को रमेश नैयर स्मृति पुरस्कार, डॉ. कीर्ति सिसोदिया को इरा झा स्मृति पुरस्कार, और सत्येश भट्ट को परितोष चक्रवर्ती स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

संगोष्ठी में मुख्य वक्ता एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप सिंह सिसोदिया होंगे, जो AI और जनसंपर्क की भूमिका पर प्रकाश डालेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरुण सखा श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि सुश्री शुचि मिश्रा, BALCO की संवाद प्रमुख (PR & Communication), होंगी।

PRSI रायपुर चैप्टर के डॉ. शाहिद अली ने बताया कि यह आयोजन पिछले सात वर्षों से लगातार हो रहा है। यह न केवल सम्मान समारोह है, बल्कि विचार-विनिमय और बौद्धिक संवाद का मंच भी है। इस वर्ष की थीम जनसंपर्क के क्षेत्र में नई दिशा प्रदान करेगी।