कोरबा: कुसमुंडा रेलवे फाटक पर जाम और अव्यवस्था, आम जनता परेशान

कोरबा। कुसमुंडा का रेलवे फाटक लंबे समय से आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। रेलवे द्वारा फाटक को घंटों बंद रखने और खदान में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों की अव्यवस्थित कतारों के कारण इमलीछापर चौक में रोजाना जाम की स्थिति बन रही है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि गर्मी में जाम में फंसी महिलाएं और अन्य लोग गश खाकर गिर रहे हैं।

स्थानीय पुलिस का इस अव्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं दिखता। भारी वाहनों के चालक खदान में एंट्री के लिए बेतरतीब ढंग से वाहनों को चौक में खड़ा कर रहे हैं, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। कई बार लोग भारी वाहनों की चपेट में आने से बाल-बाल बच चुके हैं, लेकिन स्थानीय पुलिस इस समस्या पर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही। कभी-कभार ही पुलिसकर्मी वाहनों को नियंत्रित करने नजर आते हैं।

रेलवे प्रबंधन अपनी मनमानी के तहत फाटक को घंटों बंद रखता है, जिससे भारी वाहनों का जाम इमलीछापर चौक तक फैल जाता है। रेलवे नियमों के अनुसार फाटक बंद करने की समय-सीमा निर्धारित है, लेकिन कुसमुंडा फाटक पर इनका पालन नहीं हो रहा। जिला प्रशासन भी रेलवे अधिकारियों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति रोजमर्रा की है, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। प्रशासन और रेलवे से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की जा रही है ताकि आम जनता को राहत मिल सके।