एनएच 130 पर जर्जर सड़क और जलभराव से हादसों का खतरा, प्रशासन से मरम्मत की मांग

कोरबा। कटघोरा से अंबिकापुर मार्ग पर स्थित नेशनल हाइवे 130 के गुरसिया क्षेत्र में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक्सपांशन प्वाइंट में सीपेज और एक दिन पहले हुई हल्की बारिश के कारण जलभराव ने सड़क की जर्जर स्थिति को उजागर कर दिया। शुक्रवार को एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच में टेढ़ा हो गया, जिससे कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही। ट्रेलर को हटाने के बाद ही यातायात सुचारू हो सका।

स्थानीय लोगों के अनुसार, एनएच 130 पर लंबे समय से मरम्मत का अभाव और जल निकासी की खराब व्यवस्था हादसों का प्रमुख कारण बनी हुई है। विशेष रूप से पोड़ी उपरोड़ा के लाल घाट के पास हर साल बरसात में जलभराव की समस्या सामने आती है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इस बार गर्मी की पहली बारिश में ही जलभराव ने स्थिति को और गंभीर कर दिया।

जांच में पता चला कि जल निकासी के लिए बनी दीवार के छेद कचरे से पूरी तरह जाम हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने मांग की है कि प्रशासन इन छेदों की सफाई करे और जरूरत पड़ने पर उन्हें बड़ा करे ताकि पानी की निकासी सुचारू हो सके। जनता ने प्रशासन से सड़क मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की अपील की है, ताकि मानसून से पहले बड़े हादसों और ट्रैफिक जाम से बचा जा सके।

सड़क के कई हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे रोजाना वाहन चालकों को खतरे का सामना करना पड़ता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो मानसून में स्थिति और भयावह हो सकती है।