कोरबा रेलवे स्टेशन पर महिला जागरूकता सप्ताह के तहत अभियान, 7 पुरुष यात्रियों पर कार्रवाई

कोरबा। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 18 से 24 मई तक चलाए जा रहे महिला जागरूकता सप्ताह के तहत कोरबा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला यात्रियों को उनकी सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत महिला बोगी, महिला प्रतीक्षालय और यात्री विश्रामालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

आरपीएफ कोरबा ने महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में यात्रा करने वाले 7 पुरुष यात्रियों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 162 के तहत कार्रवाई की। इन यात्रियों को नियमों का उल्लंघन करने के लिए दंडित किया गया।

आरपीएफ इंस्पेक्टर ने महिला यात्रियों को यात्रा के दौरान होने वाली अप्रिय घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को सुरक्षित यात्रा के लिए उपलब्ध सुविधाओं और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया गया। इस अभियान का उद्देश्य महिला यात्रियों में आत्मविश्वास बढ़ाना और उनकी यात्रा को सुरक्षित बनाना है।