तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई कार में लगी आग, चालक जिंदा जला

कोरबा। जिले में हुए एक सडक़ हादसे में कार चालक जिंदा जल गया। पेंड्रा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर कारीमाठी मोड़ के पास यह हादसा हुआ। बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार कार पेड़ से जा टकराई और शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई जिसमें बैठा ड्राइवर बाहर नहीं निकल सका और बुरी तरह झुलस गया।


जानकारी के अनुसार घटना पसान थाना क्षेत्र की है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी एसके विश्वकर्मा के अनुसार कार पूरी तरह जल जाने से वाहन की नंबर प्लेट भी नष्ट हो गया। कार कोरबा से पेंड्रा रोड की तरफ जा रही थी। हादसे में चालक की मौत हो गई है।

चालक की पहचान सीतामढ़ी के रहने वाले भुवन महंत 50 वर्ष के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद पुलिस ने आसपास के गांवों में मुनादी करवाई। साथ ही सोशल मीडिया पर भी सूचना प्रसारित कर मृतक की पहचान जुटाई है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। मृतक की पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों को इसकी सूचना दी है जहां पहुंचकर उनके परिजनों का बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।