सोहागपुर के पास बेकाबू पिकअप नहर में गिरी, 5 लापता, एक का शव मिला

कोरबा। रेड़ा गांव से कोरबा जिले के मड़वारानी आ रहे 20 लोगों से भरी पिकअप बेकाबू होकर हसदेव बांयी तट नहर में जा गिरी। चालक सहित 15 लोग तैर कर बाहर आ गए।

जबकि 3 महिला और 2 बच्चे लापता हो गए। रेस्क्यू ऑपरेशन के कुछ देर बार एक मृतका इतवारा बाई कंवर का शव मिल गया है। 4 अन्य की तलाश की जा रही है। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया है।


कोरबा जिले में रविवार दोपहर यह घटना हुई। खबर मिली कि सक्ती जिले के रेड़ा निवासी अलग-अलग परिवार के 20 लोग कोरबा जिले के मड़वारानी के नजदीक मुकुंदपुर जा रहे थे। उन्हें एक छठी कार्यक्रम में शामिल होना था। ये सभी लोग पिकअप में सवार थे। कोरबा जिले की सीमा में प्रवेश करने के बाद उनकी गाड़ी सोहागपुर के पास चालक की लापरवाही से नहर में जा गिरी जिसमें 6 फीट से अधिक पानी बह रहा था।

घटना से अफरा-तफरी मच गई इस बीच चालक सहित 15 लोग बच गए जो तैरना जानते थे। जबकि 5 लापता हो गए।

आसपास के लोगों को सूचना मिली तो वे हरकत में आए और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। सबसे पहले हाईड्रा की मदद से नहर में गिरी पिकअप को निकाला गया लेकिन उसमें कोई भी व्यक्ति नहीं फंसा था।

कई घंटे गोताखोरों ने नहर में मेहनत की तब एक मृतका इतवारा बाई का शव खोज निकाला जबकि 4 अन्य की खोज की जा रही है।

खबर के अनुसार एसपी सिद्धार्थ तिवारी कोरबा सहित उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी व टीम मौके पर काम करती रही।

बताया गया कि रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के लिए जल संसाधन विभाग को पानी की मात्रा कम करने कहा गया है।