समस्याओं से रूबरू होने महापौर पहुंची बस्तियों में

कोरबा। नगर निगम क्षेत्र में जनता परेशान तो नहीं है, यह जानने का काम महापौर संजूदेवी राजपूत कर रही है। उन्होंने 1, 2 व 14 वार्ड की बस्तियों में पैदल भ्रमण कर लोगों से संवाद किया और सुविधाओं व समस्याओं की जानकारी ली। 
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने पटेलपारा, फोकटपारा, इंदिरा नगर, सांई मोहल्ला, रामसागरपारा, शासकीय स्कूल के पीछे मोहल्ला, अमरैयापारा, शारदाविहार सहित अन्य बस्तियों व मोहल्लों का दौरा किया।

महापौर बिजली, पानी व साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से अवगत हुई तथा समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। लोगों ने कम पानी मिलने की जानकारी दी जिस पर तुरंत संबंधित अधिकारी को पानी का प्रेशर बढ़ाने को कहा गया।

इस मौके पर पार्षद युगल कैवर्त, ईश्वर पटेल, योगेश मिश्रा, पूर्व पार्षद दीपा राठौर एवं दीपक यादव, निगम के कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, रमेश सूर्यवंशी आदि के साथ निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारीगण तथा काफी संख्या में वार्डो के नागरिकगण उपस्थित थे।


जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण
महापौर ने बस्तीवासियों से कहा कि आपकी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण कराए जाने हेतु निगम प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है, छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा भी इस दिशा में विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

जनसमस्याओं के निराकरण हेतु सुशासन तिहार काआयोजन भी हो रहा है तथा यह प्रयास किया जा रहा है कि आपकी सभी विकासपरक समस्याओं का निराकरण त्वरित रूप से किया जा सके।