किसी को नहीं छोड़ेंगे, बकाया राशि वसूलने निगम का अभियान तेज

कोरबा। नगर निगम ने आवासों व व्यवसायिक परिसरों के मामले में बकायादारों को कहा है कि लंबित राशि जल्द जमा कराए वरना कार्यवाही होगी। बकाया की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई। कर्मियों को भी सचेत किया। कुछ मामलों में कर्मियों को नोटिस भी दिए गए।


आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने नगर पालिक निगम कोरबा के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में अपर आयुक्त विनय मिश्रा, सम्पत्तिकर अधिकारी अनिरूद्ध सिंह एवं निगम के राजस्व निरीक्षकों, उपनिरीक्षकों, सहायक राजस्व निरीक्षकों की उपस्थिति में राजस्व वसूली कार्या की समीक्षा की। उन्होंने सम्पत्तिकर, समेकित कर, जलकर, शिक्षा उपकर, भवन, दुकान किराया सहित अन्य विभिन्न मदों के अंतर्गत प्राप्त होने वाले राजस्व के वसूली की कार्य प्रगति की जानकारी ली तथा वर्तमान तक की गई कर वसूली एवं बकाया कर राशि की जोनवार, वार्डवार विस्तार से समीक्षा की।

उन्होने राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विगत वर्षो की बकाया कर राशि सहित वर्तमान वर्ष की कर राशि की वसूली में अपेक्षित तेजी लाएं, बकायादारों से सतत संपर्क कर बकाया राशि निगम कोष में जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि समय पर रकम जमा नहीं हुई तो बड़े बकायादारों की सम्पत्ति, भवन, दुकान आदि को सील की जाएगी।

बैठक के दौरान सभी सहायक राजस्व निरीक्षक, उपनिरीक्षक व राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित थे।