पति की घटिया हरकत पर पत्नी ने दी मौत

कोरबा। बार-बार चरित्र पर शंका करने और मोबाइल पर फिल्म देखने के बाद पति के द्वारा घटिया हरकत करने से क्रोधित हुई पत्नी ने हिसाब बराबर करने की ठानी।

एक समय ऐसा आया जब पति ने गला दबाने की कोशिश की तो पत्नी ने उसे धक्का दे दिया। पत्थर से टकराने पर सिर को पकड़ कर दो-तीन बार पटक दिया जिससे उसकी मौत हो गई। लेमरू पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया है।


लेमरू थाना के कुटुरूवा निवासी अमासो तिर्की को पति की हत्या के मामले में आरोपी बनाया गया है। 40 वर्षीय जयप्रकाश तिर्की की मौत पिछले दिनों हो गई थी जिस पर पुलिस ने मर्ग कायम किया। मर्ग जांच और परिजनों के बयान से स्थिति संदिग्ध प्रतीत हुई। पीएम रिपोर्ट में कठोर वस्तु से सिर में गंभीर चोट आने की बात देखी गई जिस पर धारा 103 (1) बीएनएस का मामला दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी भीमसेन यादव ने बताया कि मृतक की पत्नी अमासो बाई से पूछताछ करने पर यह तथ्य सामने आया कि पति अक्सर चरित्र पर शंका करता था। वह मोबाइल पर फिल्म देखने के बाद आपत्तिजनक हरकत करता था। मना करने पर मारपीट की जाती थी।

वह तंग आकर नाले की तरफ जा रही थी तब दोनों में विवाद हुआ। मृतक ने उसका गला दबाने का प्रयास किया जिस पर अमासो ने उसे धक्का दे दिया। मृतक का सिर पत्थर से टकराया तो अमासो ने सिर पकडक़र पत्थर में 2-3 बार पटक दिया। संबंधित साक्ष्य पुलिस ने जप्त किए है।