वार्ड की जरूरत के अनुसार कार्यों को देंगे गति व दिशा

समीक्षा बैठक में कहा महापौर ने

कोरबा।  नगर पालिक निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में निगम के जोन कमिश्नरों व प्रभारी अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। इसमें निगम के कार्यों की समीक्षा हुई।

मेयर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि वार्ड की जरूरत को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य को गति भी देंगे और दिशा भी। सभी अधिकारी सरकार की प्राथमिकताओं के हिसाब से अपनी भूमिका का निर्वाह करें।


बैठक के दौरान महापौर ने जिला खनिज न्यास मद, अधोसंरचना, मुख्यमंत्री की घोषणा, मुख्यमंत्री अधोसंरचना, प्रभारी मंत्री मद, सांसद, विधायक मद, महापौर मद, पार्षद मद, 14वें व 15वे वित्त आयोग, पर्यावरण संरक्षण मद, सीएसआर मद, एनसीएपी मद, निगम मद सहित अन्य विभिन्न मदों के अंतर्गत वार्डो में प्रस्तावित प्रगतिरत निर्माण व विकास कार्यो की जोनवार व वार्डवार विस्तार से समीक्षा की।

महापौर ने जोन कमिश्नरों, कार्यपालन अभियंताओं व प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि निगम के प्रस्तावित नवीन कार्यो की कार्यप्रक्रिया में तेजी लाएं, निविदा आदि की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी कराएं तथा कार्यो को प्रारंभ करें, इसी प्रकार जो कार्य वर्तमान में प्रगतिरत हैं, उनकी गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देते हुए कार्यो को समयसीमा पर पूरा कराएं। उन्होंने टिकाऊ विकास पर भी जोर दिया।

महापौर ने निर्देशित किया कि ग्रीष्मकाल में जिन वार्ड एवं बस्तियों में किन्ही कारणवश पानी की कम आपूर्ति परिलक्षित हो, वहॉं पर वाटर टैंकरों के माध्यम से जल की आपूर्ति कराएं, इस हेतु सभी स्त्रोतों से आवश्यक संसाधन जुटाए जाएं।

बैठक के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता सुरेश बरूवा, पार्षद चन्द्रलोक सिंह, पूर्व पार्षद दीपक यादव, जोन कमिश्नर भूषण उरांव, विनोद शांडिल्य, अखिलेश शुक्ला ,प्रकाश चन्द्रा, एन.के.नाथ, तपन तिवारी, अजीत तिग्गा, कार्यपालन अभियंता राकेश मसीह, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, राजस्व अधिकारी अनिरूद्ध सिंह, संजय झा आदि उपस्थित थे।