मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस की गाज, 25 बाइक जब्त

कोरबा। हिंदू नववर्ष पर पुलिस ने मॉडिफाइड बाइक साइलेंसर्स के खिलाफ बड़ी कार्यवाही की है। मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न वाले 25 वाहनों को जब्त किया गया है। पकड़े गए वाहन मालिकों पर जुर्म दर्ज किया गया है। वाहनों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्यवाही की है, और न्यायालय में पेश किया हैं।


जानकारी के अनुसार 30 मार्च को हिंदू नववर्ष पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान कुछ बाइकर्स का आतंक सडक़ों पर दिखा, ये चालक गाड़ी में लगे हुए साइलेंसर को हटाकर अलग से मोडिफाई साइलेंसर लगाकर तीव्र आवाज निकाल रहे थे और लोगों को परेशान कर रहे थे।

लोगों की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने भी बिना देर किए ऑपरेशन साइलेंस चलाया और अलग-अलग चौकी-थानों से 25 वाहनों को रोका गया जिसमें लापरवाही एवं नियमों के उल्लंघन करने वालों पर कानूनी दंड संहिता के तहत कार्यवाही की गई।

सीएसपी भूषण एक्का ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि शहर में सडक़ पर स्टंटबाजी, ध्वनि प्रदूषण, लापरवाही एवं नियमों के उल्लंघन करने वाले इस तरह कि हरकत दोबारा न दोहराए।

दोबारा पकड़े जाने पर मामला न्यायालय में पेश किया जाएगा वहीं पकड़े गए बाइक को सीधा नीलामी के लिए भेज दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोटर साइकिल चलाते समय हेलमेट पहनकर वाहन चलाएं।

ध्वनि प्रदूषण वाली मोटर साइकिलों का इस्तेमाल ना करें। यदि कहीं मॉडिफाइड साइलेंसर बिक रहा है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।