कलेक्टर ने समय-सीमा बैठक में योजनाओं की समीक्षा की;सेवा सेतु शिविरों में सभी विभागों की मौजूदगी और पात्र हितग्राहियों की सूची पहले से तैयार करने के निर्देश
कोरबा। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में शासन की योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीएमओ-पीजी पोर्टल और कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज लंबित शिकायतों एवं प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों पर हुई कार्रवाई की नियमित समीक्षा की जाए और आवेदकों को उनके प्रकरण के निराकरण की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय प्राथमिकता के साथ कार्रवाई करने पर जोर दिया।
सेवा सेतु शिविरों में पहले से तैयार रखें हितग्राहियों की सूची
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले सेवा सेतु शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों की सूची पहले से तैयार रखी जाए, ताकि शिविर में ही उन्हें विभिन्न योजनाओं का लाभ और स्वीकृत सामग्री का वितरण किया जा सके।
शिविरों के माध्यम से पीएमओ-पीजी पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निराकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। आधार संबंधी सेवाओं के लिए ऑपरेटर तथा अलग काउंटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वच्छता अभियान और सेवा ज्योति यात्रा की तैयारियां तेज करने के निर्देश
कलेक्टर ने 2 से 8 अक्टूबर तक प्रस्तावित स्वच्छता संबंधी गतिविधियों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए नदी-घाटों की सफाई, प्लास्टिक मुक्त अभियान सहित विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने 7 अक्टूबर को प्रस्तावित सेवा ज्योति यात्रा एवं रैली के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा।
वहीं, 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के आयोजन के लिए समाज कल्याण विभाग को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















