आयुर्वेद, योग व प्राकृतिक चिकित्सा से हृदय स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक, निःशुल्क ईसीजी, बीपी और मधुमेह की जांच
कोरबा। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर आयुष मेडिकल एसोसिएशन, लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, आरोग्य भारती, भारत विकास परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में पतंजलि चिकित्सालय स्थित श्री शिव औषधालय में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लोगों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में निःशुल्क आयुर्वेदिक, नेचुरोपैथी, पंचकर्म, षटकर्म और योग संबंधी परामर्श एवं उपचार दिया गया। इसके साथ ही निःशुल्क ईसीजी जांच और सीपीआर थेरेपी (सावित्री आसन) का प्रशिक्षण भी दिया गया।
चिकित्सक डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने हृदय स्वास्थ्य के महत्व पर कहा कि यदि व्यक्ति अपने हृदय का ध्यान रखे और स्वस्थ जीवनशैली अपनाए तो हृदय भी लंबे समय तक स्वस्थ रखने में सहयोग करता है। उन्होंने लोगों को खान-पान, दिनचर्या और जीवनशैली में आवश्यक सुधार के लिए जागरूक किया।
शिविर में कुल 63 मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया गया। विशेषज्ञों ने मरीजों को उनकी जीवनशैली और आहार से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान रक्तचाप एवं मधुमेह की निःशुल्क जांच भी की गई। नियंत्रण एवं उपचार के लिए निर्धारित औषधियों तथा अर्जुन टैबलेट का निःशुल्क वितरण किया गया।
सीपीआर प्रशिक्षण से जीवन बचाने का संदेश
सडन कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रतिभागियों को सावित्री आसन एवं सीपीआर थेरेपी की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता देने के तरीकों से अवगत कराया गया।
शिविर के आयोजन में पंचकर्म थेरेपिस्ट पिंकी बरेठ एवं शैल कुमारी निषाद सहित लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट के निदेशक शिव जायसवाल, सचिव प्रत्युष सक्सेना, कोषाध्यक्ष सुधीर सक्सेना तथा अरुण मानिकपुरी, कमल धारिया, नेत्रनंदन साहू, अश्वनी बुनकर, मनीष कौशिक, कुश गुप्ता, तोरेंद्र सिंह, देवबलि कुंभकार, सिद्धराम शाहनी, अनुराग कंवर, गुनगुन राठिया एवं श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने सहयोग किया।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















