“कुष्ठ आश्रम में सेवा की पहल: भाजपा जिलाध्यक्ष ने बांटी खाद्य सामग्री और स्वच्छता किट, रहवासियों से जानी जरूरतें”

कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा गतिविधियां जारी हैं। इसी क्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी कार्यकर्ताओं के साथ एसईसीएल स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचे। यहां आश्रम में रह रहे लोगों को खाद्य सामग्री और स्वच्छता किट वितरित की गई।

भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आश्रम का भ्रमण कर वहां रह रहे लोगों से बातचीत की। इस दौरान उनकी रोजमर्रा की जरूरतों और समस्याओं की जानकारी ली गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि आश्रमवासियों की वास्तविक आवश्यकताओं को समझकर भविष्य में उसी के अनुरूप सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

‘वंचित वर्ग तक पहुंचना हमारा ध्येय’

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वंचित वर्ग तक पहुंचना और जरूरतमंदों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना सेवा अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने इसे मानवीय संवेदना और सामाजिक दायित्व से जुड़ा कार्य बताया।

उन्होंने कहा कि जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सेवा गतिविधियां संचालित करने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, जिला उपाध्यक्ष योगेश जैन, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल,मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, जिला संवाद प्रमुख अर्जुन गुप्ता, ज्योति वर्मा, धरम पाल सोलंकी, पवन सिन्हा, राखी तिवारी, चंचला राठौर, अयोध्या प्रसाद सोनी, तृप्ति सरकार, धन कुमारी गर्ग, सरिता महंत, दिनेश वैष्णव, सुशील गर्ग एवं गोपलाल राठिया सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।