संडे ड्यूटी की हाजिरी को लेकर एसईसीएल कुसमुंडा में विवाद, डाटा ऑपरेटर से मारपीट का आरोप

शिकायत के बाद जीएम कार्यालय में बीएमएस नेताओं ने दिया धरना, कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन

कोरबा। एसईसीएल कुसमुंडा क्षेत्र के फिल्टर प्लांट स्थित एमटीके में संडे ड्यूटी की हाजिरी को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। डाटा एंट्री ऑपरेटर हामिद खान ने इंटक नेता और उनके साथ आए लोगों पर धमकाने, अभद्र व्यवहार और मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कुसमुंडा थाने के साथ एरिया जीएम कार्यालय में भी की गई है।

शिकायत के अनुसार, ईएंडएम विभाग के एक कर्मचारी ने हामिद खान से संडे ड्यूटी की हाजिरी लगाने को कहा था। हामिद खान का कहना है कि महाप्रबंधक (ईएंडएम) द्वारा जारी ड्यूटी सूची में उनका नाम नहीं था। इसलिए उन्होंने सूची के अनुसार ही हाजिरी दर्ज करने की बात कही।

10-12 लोगों के साथ पहुंचने का आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद इंटक नेता करीब 10-12 लोगों के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान डाटा ऑपरेटर के साथ विवाद हुआ और उन्हें धमकाने के साथ हाथापाई की गई। घटना के बाद कार्यस्थल का माहौल तनावपूर्ण हो गया।

हामिद खान ने कुसमुंडा थाने में लिखित शिकायत देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं एरिया जीएम कार्यालय में भी शिकायत देकर विभागीय जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।

समर्थन में बीएमएस नेताओं ने दिया धरना
शिकायतकर्ता के समर्थन में बीएमएस नेताओं ने जीएम कार्यालय में करीब दो घंटे तक धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।

बताया गया कि एसईसीएल कुसमुंडा के जीएम ऑपरेशन और एनपीएम की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त किया गया।

शिकायतकर्ता ने कार्यस्थल पर भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।