डीएमएफ से जनहितैषी कार्यों को दी जा रही प्राथमिकता : लखनलाल

डीएमएफ अन्तर्गत शासी परिषद की बैठक हुई आयोजित

कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य उद्योग एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास की शासी परिषद की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2024-25 में किए गए कार्यो की प्रगति एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्ययोजना की स्वीकृति हेतु अनुमोदन किया गया।


बैठक में डीएमएफ अंतर्गत विभिन्न एजेण्डाओं पर चर्चा उपरांत मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि डीएमएफ से जिले में विकास का काम जन अपेक्षाओं की पूर्ति के साथ किया जा रहा है। जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि अधोसंरचना सहित जनहितैषी कार्यों को प्रस्ताव में प्राथमिकता दी गई है, उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को स्वीकृत कार्यो की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, जिससे निर्माण कार्य समय सीमा में पूर्ण हो सके साथ ही निर्माण में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया।

कलेक्टर अजीत वसंत ने शासी परिषद अंतर्गत बैठक के विषय में  विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्ययोजना में  शिक्षा, स्वास्थ्य के अतिरिक्त कृषि, नगरीय क्षेत्र विकास व  अधोसंरचना निर्माण कार्यो को प्राथमिकता दी गई है।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग द्वारा जिला खनिज संस्थान न्यास से जुड़ी जानकारी के साथ वित्तीय वर्ष 2024-25 के महत्वपूर्ण कार्य एवं आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्ययोजना के अनुमोदन तथा गतिविधियों की जानकारी दी गई।

इस दौरान विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर सिंह मरकाम, विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत सहित अन्य सदस्य एवं पदेन अध्यक्ष कलेक्टर अजीत वसंत, वनमण्डलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, आयुक्त नगर निगम आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर मनोज बंजारे, एसडीएम कोरबा सरोज महिलांगे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।