कोरबा-पाली। जिले के पाली में शुक्रवार की रात भाजपा नेता, उसके भाई और भांजे समेत 20-25 लोगों ने कोयला कारोबारी व ट्रांसपोर्टर की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी। कोयला ट्रांसपोर्टिंग को लेकर 2 पक्षों में विवाद हुआ। इसके बाद खूनी झड़प हो गई है। इलाके में तनाव का माहौल रहा। एसपी घटना के बाद पूरी रात पाली में रहकर हत्यारों को तलाशने में जुट गए थे। दर्जन भर आरोपियों ने पुलिस थाने में सरेंडर कर दिया है।
जानकारी के अनुसार पाली थाना अंतर्गत कोल कारोबारी रोहित जायसवाल 35 वर्ष की हत्या की गई है। रोहित के शरीर पर कई जगह कटने के निशान हैं। हत्या का मुख्य आरोपी रोशन सिंह ठाकुर है, जो पाली ब्लॉक का भाजपा मंडल अध्यक्ष है। वहीं आरोपियों को संरक्षण देने पर पाली थाना प्रभारी को लाइन अटैच कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि 28 फरवरी की रात रोहित जायसवाल अपने 3 साथियों के साथ सरायपाली एसईसीएल के बुड़बुड़ खदान में कोयला लोड कराने आए थे, तभी रोशन सिंह भी अपने, भाई और भांजे समेत 20-25 साथियों के साथ हथियारों से लैस पहुंचा। इस दौरान रोशन सिंह सरायपाली एसईसीएल खदान गेट के सामने विवाद करने लगा। विवाद इतना बढ़ा कि रोशन सिंह ने मारपीट शुरू कर दिया। इसके बाद साथियों ने भी धारदार हथियारों से रोहित को मारने लगे।
वारदात के बाद रोहित के साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। बता दें कि रोहित जायसवाल और रोशन ठाकुर दोनों कोल ट्रांसपोर्टर्स हैं। इन दोनों के पास सरायपाली एसईसीएल बुडबुड़ खदान में सी-ग्रेड कोयला परिवहन करने की परमिट है, लेकिन रोशन ठाकुर ज्यादा पावरफुल है। खदान के अंदर लोगों से उसकी सेटिंग है। व्यवसायिक कारोबार को लेकर दोनों के बीच में विवाद चल रहा था। मृतक के भाई अनिल जायसवाल ने बताया कि रोशन सिंह ठाकुर के गुट ने उनके भाई को मारा है। पिछले 6 महीने से विवाद चल रहा है।
पहले भी मारपीट की गई थी। विवाद की शिकायत पाली थाने में की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अनिल जायसवाल ने एसईसीएल के सब एरिया मैनेजर पर भी रोशन सिंह के साथ मिलकर कोयले की हेराफेरी में शामिल होने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने थाना प्रभारी विनोद सिन्हा को लाइन अटैच कर दिया है। युवराज तिवारी को नया थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि दर्री थाना प्रभारी का कार्यभार ललित चंद्रा को सौंपा गया है।
वारदात से गुस्साए लोगों ने गाडिय़ों में तोडफ़ोड़ की और पाली बंद करा दिया है। बड़ी तादाद में जिले की पुलिस पाली इलाके में तैनात है, ताकि कोई हिंसा न हो सके। घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिद्धार्थ तिवारी सहित कई थानों के प्रभारी मौके पर पहुंचे, घटना पर पैनी निगाह रखे हुए थे।
क्षेत्र में तनाव और विरोध को देखते हुए पुलिस ने पूरी मुस्तैदी से कार्य किया। मृतक रोहित जायसवाल के शव का शनिवार को सुबह पोस्टमार्टम कराया गया। मर्ग पंचनामा की वैधानिक कार्रवाई उपरांत पोस्टमार्टम की प्रक्रिया तीन चिकित्सकों के दल ने पूरी की। पोस्टमार्टम की पूरी गतिविधि की वीडियोग्राफी करवाई गई।
एसपी रात भर डटे रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी सिद्धार्थ तिवारी पाली पहुंच कर पूरी घटनाक्रम पर नजर रखते हुए फरार आरोपियों को तलाशने अलग-अलग टीम को रवाना किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। अगली सुबह शनिवार को व्यापारियों ने पाली बंद कर विरोध जताया।
एसपी की समझाइश के बाद पीएम होने उपरांत शव को परिजनों को सौंपा गया। जिसका शांतिपूर्ण ढंग से अंतिम संस्कार किया गया।
आरोपियों ने थाने में आकर सरेंडर किया
वारदात के बाद पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, सूत्रों की मानें तो घटना के बाद दबी जुबान से क्षेत्र में यह सनसनी फैल गई कि निर्मम हत्या करने वाले आरोपियों का एनकाउंटर किया जा सकता है? जिसके बाद बाकी आरोपियों ने खुद थाने में आकर सरेंडर कर दिया है।
आरोपियों में पाली भाजपा मंडल अध्यक्ष रोशन सिंह ठाकुर, उसका भाई गौरव सिंह ठाकुर, भांजा वासु ठाकुर, सौरभ श्रीवास, सुशांत ठाकुर उर्फ सीजू, संस्कार ठाकुर, मोंटी कश्यप, मुकेश श्रीवास, सुनील सागर, प्रभात दुबे, निलेश सिंह राज, कैलाश कैवर्त, अनिल मरावी उर्फ छोटू, मयंक सिंह ठाकुर, सूरज पासवान, सुरेंद्र सिंह चौहान के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















