72 वर्षीय महिला का परिवार ने किया देहदान

कोरबा। पोड़ीबहार इलाके में एक परिवार ने देहदान कर अनूठी मिसाल पेश की है। 72 वर्षीय फूल बाई चौहान की मौत के बाद उनके परिवार ने उनके शरीर को मेडिकल कॉलेज को दान कर दिया।

भतीजे धनंजय ने कहा कि अस्पतालों में होने वाली समस्याओं को देखते हुए यह फैसला लिया है। उनका मानना है कि इससे मेडिकल के छात्रों को बेहतर शिक्षा मिलेगी और वे लोगों की सेवा कर पाएंगे।


परिवार ने कहा कि, उन्हें दुख के साथ यह संतोष भी है कि फूल बाई का शरीर भविष्य के डॉक्टरों की शिक्षा में सहायक होगा। जिला अस्पताल के डीन डॉ. के. के. सहारे ने चौहान परिवार के इस निर्णय की सराहना की। उन्होंने कहा कि देहदान का निर्णय आसान नहीं होता। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन देहदान के लिए जागरूकता अभियान चला रहा है। इससे मेडिकल छात्रों को अध्ययन में मदद मिलती है।

डीन ने बताया कि, आने वाले समय में स्कूल-कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से देहदान के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी। उन्होंने अन्य लोगों से भी देहदान के लिए आगे आने की अपील की है।