पुलिस ने खेली फूलों की होली, वृद्धजनों का लिया आशीर्वाद

कोरबा। कोरबा पुलिस ने प्रशांति वृद्धाश्रम में होली के अवसर पर बुजुर्ग महिला-पुरुषों के साथ त्यौहार मनाया। गुलाब की पंखुडिय़ां व फूलों से होली खेली गई।

कोरबा पुलिस की ओर से वृद्धजनों का आशीर्वाद लिया गया। उनके साथ बैठकर पुलिस स्टाफ ने वृद्धजनों के साथ भोजन किया। इस दौरान सर्वमंगला पुलिस सहायता केन्द्र प्रभारी विभव तिवारी व समस्त स्टाफ उपस्थित थे।

एएसआई विभव तिवारी ने बताया कि होली का त्योहार रंगों का पर्व है जिसमें प्रेम और भाईचारे का संदेश है। त्योहार पर बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलता है। उनके पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत प्रशांति वृद्ध आश्रम में रहने वाले वृद्धजन अपने परिजनों, घर-परिवार से वर्षों से दूर रहकर जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

इनको एक बेटे की तरह होली के त्यौहार की खुशियां देने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस परिवार ने उनके बीच पहुंचकर होली का त्यौहार मनाया।

उनके साथ फूलों की होली खेली गई। बुजुर्गों के साथ होली खेलकर उनके साथ लजीज भोजन का स्वाद लेकर हमने काफी आत्मसंतुष्टि महसूस की है।