चार अलमारी तोडक़र लाखों की चोरी

कोरबा। एसईसीएल कॉलोनी कोरबा ईस्ट में सेंट्रल हॉस्पिटल के पास एक सूने मकान का ताला तोडक़र चोरों ने लाखों का सामान पार कर दिया है। चार अलमारी को तोडक़र इस घटना को अंजाम दिया गया है।


जानकारी के अनुसार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड कोरबा ईस्ट एरिया में हॉस्पिटल कॉलोनी के आवास में गार्डिया परिवार निवासरत है। अंशु मालिनी इसी हॉस्पिटल में नर्स है और उनके पति अनुराग बालको में इंजीनियर है।

उनके बच्चे भिलाई में पढ़ाई करते हैं जिससे मिलने के लिए समय-समय पर माता-पिता जाया करते हैं। होली की छुट्टियों में दंपति भिलाई गए हुए थे। आवास पर कोई नहीं है जबकि झाड़ू पोछा के लिए रजनी नामक कर्मचारी की ड्यूटी है।

दो दिन पहले ही अंशु और अनुराग भिलाई गए हुए थे और शायद चोरों को इस बारे में जानकारी हो गई थी। देर रात को चोरों ने दोनों कमरों के ताले तोडक़र भीतर प्रवेश किया और चार अलमारी तोडक़र उनमें रखें नगदी और सोने चांदी के जेवरात पार कर दिए।

आज सुबह जब रजनी यहां पहुंची तो उसने ताले टूटे हुए पाए। पड़ोस में रहने वाली महिला को इसकी जानकारी दी इसके बाद दोनों ने यहां का जायजा लिया और अंशु को जानकारी दी।

संबंधित परिवार ने सूचनाओं के आधार पर बताया कि संभवत: लाखों का नुकसान इस घटना में हुआ है।

मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल के अनुसार मकान मालिक के लौटने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।