कोरबा। कोरबा जनपद पंचायत में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में पार्टी प्रत्याशी का विरोध करने वाले चार भाजपा नेताओं को पार्टी ने 6 साल के लिए निलम्बित कर निष्कासित कर दिया है।
कोरबा जनपद पंचायत के चुनाव में जनपद सदस्य मोनिका भगत को जनपद अध्यक्ष प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लडऩे के लिए निष्कासित किया गया है तो उनके पति अरविंद भगत (भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य) को इसलिए निष्कासित किया गया है क्योंकि उन्होंने अध्यक्ष चुनाव में अपनी पत्नी को खड़ा किया था।
इसी तरह भाजपा नेता कृष्णा राजपूत को भी निष्कासित कर दिया गया है।उनकी पत्नी चंद्रकांता राजपूत को भी निष्कासित किया गया है जिन्होंने जनपद उपाध्यक्ष की अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ा था। प्रदेश भाजपा कार्यालय से जारी आदेश संख्या 2609, 2610, 2611 और 2612 के तहत अरविंद भगत, कृष्णा राजपूत, चंद्रकांता राजपूत और मोनिका भगत को तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर कर दिया गया है।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री जगदीश राम रोहरा ने यह आदेश जारी किया।
आदेश में साफ तौर पर कहा गया कि अनुशासन भंग करने वालों को भाजपा में कोई स्थान नहीं मिलेगा। इस निष्कासन को भाजपा की आंतरिक सख्ती और अनुशासन प्रियता के तौर पर देखा जा रहा है। पार्टी ने यह साफ कर दिया है कि जो भी संगठन की नीतियों से हटकर व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा को तरजीह देगा, उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















