ढोंढ़ीपारा और मानिकपुर मुक्तिधाम के लिए 1 करोड़ रुपये मंजूर

ढोंढ़ीपारा में नया मुक्तिधाम और मानिकपुर मुक्तिधाम का होगा उन्नयन, महापौर संजू देवी राजपूत ने मंत्री देवांगन व डिप्टी सीएम अरुण साव का जताया आभार

कोरबा। शहर में नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े विकास कार्यों को गति देने की दिशा में नगर पालिक निगम कोरबा को बड़ी स्वीकृति मिली है। राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA), छत्तीसगढ़ ने निगम द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को मंजूरी देते हुए ढोंढ़ीपारा और मानिकपुर के मुक्तिधामों के लिए कुल 1 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।

स्वीकृति के तहत वार्ड क्रमांक 17 ढोंढ़ीपारा में नवीन मुक्तिधाम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 33 मानिकपुर स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। दोनों कार्यों के प्रस्ताव नगर निगम द्वारा विधिवत पारित कर SUDA को स्वीकृति के लिए भेजे गए थे।

स्वीकृति मिलने के बाद अब निर्माण एवं उन्नयन कार्यों की आगामी प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ढोंढ़ीपारा में नए मुक्तिधाम के निर्माण से क्षेत्रवासियों को व्यवस्थित एवं सुविधायुक्त स्थान उपलब्ध होगा। वहीं मानिकपुर मुक्तिधाम के उन्नयन से वहां नागरिक सुविधाओं का विस्तार होगा।

मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता : महापौर
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने स्वीकृति के लिए छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन तथा उपमुख्यमंत्री अरुण साव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मंत्री देवांगन के नेतृत्व में कोरबा नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।

महापौर ने कहा कि सड़क, नाली और अन्य विकास कार्यों के साथ ऐसी मूलभूत सुविधाओं का विकास भी निगम की प्राथमिकता है, जिनकी आवश्यकता प्रत्येक नागरिक को होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्वीकृत कार्यों की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से प्रारंभ कराने के निर्देश दिए हैं।