रंग-गुलाल की दुकानों पर हुई जमकर खरीदारी, नगाड़ों की गूंज
कोरबा। ऊर्जाधानी में होली का त्योहार धूमधाम से मनाने की तैयारी कर ली गई है। बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों में भी त्योहार को लेकर खासा उत्साह है। 13 मार्च की रात शुभ मुहूर्त में बुराई की प्रतीक होलिका का दहन विधि-विधान से पूजा-अर्चना पश्चात किया गया। 14 मार्च को जमकर होली खेली जाएगी।
इस बार होली के सामानों रंग, गुलाल, पिचकारी पर भी महंगाई की मार पड़ी फिर भी त्यौहार मनाने के लिए लोगों ने जमकर खरीदारी की। होली त्यौहार को लेकर राजा हिरण्यकश्यप, पुत्र भक्त प्रहलाद और प्रहलाद की बुआ से जुड़ी कथा प्राचीनकाल से प्रासंगिक है। होलिका दहन की यह परंपरा बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक स्वरूप निभाई जा रही है।
ऊर्जाधानी में भी शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक होलिका दहन के लिए बसंत पंचमी पर डांग गाड़ कर तैयारी शुरू कर दी गई थी। गुरुवार की रात 11:27 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ सुख-समृद्धि की कामना करते हुए होलिका का दहन किया गया।
नगर के पुराना बस स्टैण्ड में सबसे पुराना होलिका दहन किया जाता है। यहां सुबह से ही होलिका पर गोबर के कंडे, कंडे की माला आदि का अर्पण कर पूजा-अर्चना शुरू की गई जो शाम तक चली। होलिका का दहन कर लोगों ने रंग-गुलाल लगा कर होली की शुरूआत की।
शुक्रवार को रंग पर्व होली मनाई जाएगी। होली त्योहार पर हुडदंग मचाने वालों के विरूद्ध कार्यवाही के लिए पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने सारी तैयारियां कर ली है।
शांति समिति की बैठक में सभी थाना प्रभारियों द्वारा आम जनता से अपील की गई है कि वे शांतिपूर्वक होली का त्योहार मनाएं और किसी पर जबरन रंग न लगाएं। कहीं भी किसी भी क्षेत्र में किसी भी तरह की अप्रिय और संदिग्ध घटना और गतिविधि की सूचना तत्काल क्षेत्र के थाना-चौकी प्रभारी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम अथवा डॉयल 112 को उपलब्ध कराएं।
शराब दुकानों में उमड़ा रेला
होली के मद्देनजर कोरबा शहर की शराब दुकानों में जबरदस्त भीड़ देखने को मिली। 14 मार्च को शुष्क दिवस घोषित करने के कारण दुकान नहीं खुलेंगी और शराब प्रेमियों ने पीने-पिलाने के लिए निर्धारित क्रय मात्रा से अधिक शराब की खरीदी कर स्टॉक जमा कर लिया।
सभी देशी-विदेशी शराब दुकानों में इनका जमघट शाम तक लगा रहा। हालांकि शुष्क दिवस पर कहने के लिए शराब नहीं बिकती लेकिन अवैध विक्रेताओं की चांदी ऐसे प्रतिबंधित दिनों में खूब रहती है। जिले के भी अनेक नामचीन गली-मोहल्लों में अवैध शराब का बोलाबाला रहेगा।
इसी प्रकार मुर्गा-मटन की दुकानों पर भी अन्य दिनों की अपेक्षा ज्यादा ग्राहकी देखी गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















