किक बॉक्सिंग के लिये तारकेश बने भारतीय टीम के कोच

कोरबा। अन्तर्राष्ट्रीय ओलंपिक कमेटी से सम्बद्ध किक बॉक्सिंग खेल की अन्तर्राष्ट्रीय इकाई वर्ल्ड एसोसिएशन ऑफ किक बॉक्सिंग आर्गेनाइजेशन (वाको) एवं इटालियन किक बॉक्सिंग फेडरेशन के तत्वाधान में जेसेलो इटली में 5 से 10 मार्च तक किक बॉक्सिंग वर्ल्ड कप का आयोजन किया जा रहा है।

इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मंत्रालय युवा मामले एवं खेल भारत सरकार से मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय संस्था वाको इंडिया किक बॉक्सिंग फेडरेशन के द्वारा भारतीय टीम के प्रशिक्षक का दायित्व तारकेश मिश्रा को प्रदान किया गया है।


जानकारी के अनुसार तारकेश मिश्रा जिले के सीएमए किक बॉक्सिंग एकेडमी में प्रशिक्षक हैं और इनके मार्गदर्शन द्वारा प्रशिक्षित खिलाड़ी लगातार देश विदेश में किक बॉक्सिंग खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रशिक्षण प्राप्त खिलाडिय़ों ने डबलिन आयरलैंड, अनापा रूस, साउथ कोरिया, अंटालिया टर्की जैसे देशों में भारत देश का प्रतिनिधित्व किया है।

इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर श्री मिश्रा को चौथी बार भारतीय टीम के कोच का दायित्व फेडरेशन ने दिया है। इसी प्रकार कोरबा जिले में अध्ययनरत तथा वर्तमान में बिलासपुर निवासी आकाश गुरुदिवान का चयन इस प्रतियोगिता में +91 किग्रा वजन वर्ग के फूल कांटेक्ट इवेंट हेतु किया गया है।

आकाश ने पहले भी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर एशियाई तथा विश्व स्तरीय प्रतियोगिता साउथ कोरिया एवं डबलिन आयरलैंड में शिरकत कर मान बढ़ाया है।

वर्तमान में इनका चयन सीनियर नेशनल प्रतियोगिता 2024 एवं 4थी इंडियन ओपन इंटरनेशनल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर हुआ है।