काशी में कोरबा के सराफा व्यापारी की चेन स्नेचिंग

कोरबा। महाकुंभ के अवसर पर गंगा स्नान सहित अयोध्या व काशी विश्वनाथ का दर्शन करने गए कोरबा के सर्राफा व्यवसायी जगदीश सोनी चेन स्नेचिंग का शिकार हो गए।


जगदीश सोनी के अनुसार काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रवेश सिंह द्वार पर तीन तरफ से आने वाली भीड़ के बीच अज्ञात शख्स ने उनके सिर पर टॉवल जैसा कुछ डाला और चंद सेकंड के भीतर लगभग पौने दो लाख कीमती का सोने का चैन झपटकर चुरा लिया गया। व्यापारी ने सजगता दिखाई और तत्परता से पीछे मौजूद एक महिला को पकड़ लिया।

उस महिला का पुरुष साथी वहां से भाग निकलने में सफल हो गया। श्री सोनी ने बताया कि संदेही महिला को पकड़ कर रखे हैं लेकिन जब परिजन के पास पहुंचे तो पता चला कि संदेही महिला भाग निकली। इधर जगदीश सोनी घटना की लिखित शिकायत कर लौटे तब उन्हें भीड़ में एक संदिग्ध महिला नजर आई जो आरोपी महिला के आसपास साथ में दिखी थी।

जगदीश सोनी ने बिना समय गवाए संदेही महिला को पकडक़र पुलिस चौकी पहुंचाया। जगदीश सोनी ने लिखित में अपनी शिकायत चौकी में दे दी लेकिन एफआईआर नहीं लिखी गई। श्री सोनी ने सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारी को घटना की जानकारी दी और फिर घटनाक्रम के बारे में बनारस के पुलिस कमिश्नर एवं एएसपी को अवगत कराया गया।

जगदीश सोनी के आग्रह एवं कमिश्नर के निर्देश बाद घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी के लिए बनाए गए कंट्रोल रूम में श्री सोनी को ले जाकर फुटेज दिखाया गया जिसमें उक्त दोनों संदेही महिला नजर आई।

बहरहाल जगदीश सोनी की रिपोर्ट पर लगभग 12 घंटे बाद रात करीब 12 बजे एफआईआर दर्ज करते हुए इसकी नकल उपलब्ध कराई गई।