राह चलते वृद्ध से 90 हजार की लूट, तलाश जारी

कोरबा। शहर के व्यस्त क्षेत्र पावर हाउस रोड में मंगलवार की दोपहर सरेआम लूट (झपटमारी) की वारदात हो गई। एक बाइक में सवार दो युवकों में से एक ने इस वारदात को अंजाम दिया और तेजी से भाग निकले।

मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार इस वारदात को पावर हाउस रोड में संचालित दिशा मोबाइल के सामने मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे अंजाम दिया गया। मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी-15ईडी-8472 में सवार चालक हेलमेट पहने था जबकि पीछे बैठा आरोपी युवक थैले को झपटकर अपने कब्जे में लेता नजर आया।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मोतीलाल पटेल ने बताया कि दोपहर के वक्त मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र अंतर्गत गायत्री नगर निवासी अपिकर केरकेट्टा जो पेशे से वाहन चालक है, वह एसएस प्लाजा पावर हाउस रोड स्थित बैंक ऑफ़ बड़ौदा आया था। यहां से उसने 90000 रुपये आहरण किया और एक थैला में सभी रकम को रखने के बाद बाएं हाथ में लपेटकर रखा और मानिकपुर के लिए पैदल ही रवाना हुआ।

दिशा मोबाइल के सामने से गुजरते वक्त पीछे से एक बाइक में सवार होकर पहुंचे दो लोगों में से पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से झपटकर थैला को छीना। 58 वर्षीय पीडि़त ने थैले को बचाने की काफी कोशिश की लेकिन आरोपी उसे झटके से छीन कर फरार हो गए।

यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और आरोपियों की तलाश सरगर्मी से की जा रही है। पीडि़त ने बताया कि लूट की घटना के दौरान उसने चीख-पुकार भी मचाई, लेकिन किसी ने भी मदद नहीं की। समय रहते अगर कोई लुटेरों का पीछा करता या फिर पकडऩे का प्रयास करते तो शायद वह पकड़े जाते।

पीडि़त पेशे से ड्राइवर हैं और स्कूल में खुद की वैन चलाता है। उसे जमीन खरीदने के लिए रुपयों की कमी पड़ी थी, जिसके चलते रुपये निकालने के लिए बैंक गया था।